जुलाई सत्र 2026 के लिए नए पाठ्यक्रम, सेमेस्टरवार फीस और छात्रहित की कई नई सुविधाओं की घोषणा
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू), हल्द्वानी में जुलाई सत्र 2026 की प्रवेश प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू होगी। प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय ने इस सत्र में नए पाठ्यक्रमों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 आधारित प्रावधानों और विद्यार्थियों के लिए कई नई सुविधाओं की घोषणा की है।
विश्वविद्यालय के अतिथि गृह सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा और 29 प्रमाण-पत्र कार्यक्रमों में प्रवेश देगा। इस वर्ष डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज़ और मानवाधिकार प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं। वहीं बीएलआईएस और बी.एड. (ओडीएल) में प्रवेश प्रक्रिया यूजीसी-डीईबी के निर्णय के बाद प्रारंभ होगी।
कुलपति ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप अब सभी सेमेस्टर आधारित पाठ्यक्रमों में सेमेस्टरवार फीस जमा करने की सुविधा मिलेगी, जिससे विद्यार्थियों पर एकमुश्त आर्थिक बोझ कम होगा। इसके अलावा पाठ्यक्रम पूरा करने वाले सभी विद्यार्थी स्वतः विश्वविद्यालय के एलुमनाई बन जाएंगे तथा शिक्षण मूल्यांकन ब्लूम्स टैक्सोनॉमी के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एमबीए, एमसीए, एमटीटीएम, बी.एड. स्पेशल एजुकेशन, एम.एड. स्पेशल एजुकेशन, बी.ए. योग (ऑनर्स) और एम.ए. योग की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन भी 1 जुलाई से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।
प्रवेश के लिए DEB-ID और ABC-ID अनिवार्य किए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को क्रेडिट मोबिलिटी, मल्टीपल एंट्री और मल्टीपल एग्जिट जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
विश्वविद्यालय के 144 शिक्षार्थी सहायता केंद्र (एलएससी) विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। इसके अलावा सैनिकों और जेल बंदियों के लिए विशेष सहायता केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं ताकि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सके।
विद्यार्थी हित में विश्वविद्यालय ने कई शुल्क रियायतों की भी घोषणा की है। थर्ड जेंडर के विद्यार्थियों के लिए पूर्ण शुल्क माफी, बीएससी और एमएससी के प्रायोगिक विषयों में कार्यशाला शुल्क पर 30 प्रतिशत छूट, ई-एसएलएम चुनने वाले विद्यार्थियों को 15 प्रतिशत शुल्क छूट तथा प्रिंट अध्ययन सामग्री का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है।
कुलपति प्रो. लोहनी ने प्रदेश और देशभर के विद्यार्थियों से जुलाई सत्र 2026 में प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय की आधुनिक, रोजगारोन्मुख और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

