
पंतनगर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सोमवार को अशोका लेलैंड प्लांट, पंतनगर में कर्मचारियों के लिए एक वृहद चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उधम सिंह नगर डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का समन्वय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), रुद्रपुर के सहयोग से प्लांट परिसर में किया गया।
शिविर में कर्मचारियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे, रक्त जांच, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) जांच जैसे रक्तचाप एवं शुगर परीक्षण, तथा एचआईवी जांच शामिल रहीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी संख्या में कर्मचारियों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया।
शिविर के दौरान कुल 101 टीबी स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे, 75 रक्त जांच, 121 एनसीडी स्क्रीनिंग तथा 93 एचआईवी जांच सफलतापूर्वक संपन्न की गईं। इस प्रकार कुल 390 से अधिक स्वास्थ्य जांचें की गईं, जिससे कर्मचारियों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी संभावित समस्याओं की पहचान में सहायता मिली।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रपुर के माननीय सचिव श्री योगेन्द्र कुमार सागर स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उनके साथ डीएलएसए की टीम भी सक्रिय रूप से मौजूद रही।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. हरेंद्र कुमार (एसीएमओ) उपस्थित रहे। वहीं अशोका लेलैंड की ओर से डॉ. शैव्या अरोड़ा सहित कंपनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी शिविर में मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते जांच के माध्यम से रोगों की पहचान सुनिश्चित करना था। इस पहल को कर्मचारियों ने सराहा और बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाया।

