IMG 20260405 WA0017 कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के गांवों का किया दौरा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं; अधिकारियों को समाधान के निर्देश

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के गांवों का किया दौरा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं; अधिकारियों को समाधान के निर्देश

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

भीमताल/धारी। उत्तराखंड सरकार में शहरी विकास एवं जलागम मंत्री के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आज अपनी भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा के धारी ब्लॉक के धानाचुली, मानाघेर, तल्ली दिनी, चौरलेख, पहाड़पानी, धानारौली, जलना और नीलपहाड़ी सहित विभिन्न गांवों में पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि वह राज्य के विकास के लिए पूरी ताकत से कार्य करेंगे और विकास कार्यों को गति देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि प्रत्येक समस्या के समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आज हुई ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि किसानों की आड़ू, सेब, प्लम, नाशपाती और मटर जैसी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल नुकसान का आकलन करने और बीमा कंपनियों के माध्यम से किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के समस्त मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उन्हीं के सहयोग और समर्थन से वह पुनः विधानसभा पहुंचे और आज उन्हें प्रदेश मंत्रिमंडल में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का वह भरसक प्रयास करेंगे। साथ ही मोदी सरकार और धामी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।

मंत्री कैड़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

 

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *