नैनीताल। जनपद नैनीताल क्षेत्र में लगातार बने हुए घने कुहासे एवं शीतलहर की स्थिति को देखते हुए छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की प्रबल संभावना के मद्देनज़र जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद नैनीताल में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 5 जनवरी 2026 से 9 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा।
जिला अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल एवं समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि इस आदेश की सूचना समय रहते सभी पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

