रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने महानगर अध्यक्ष से निकाय चुनाव की हार पर इस्तीफा मांगा है। उन्होंने महानगर से लेकर प्रदेश नेतृत्व को बदलने की मांग की है। उनके बयान के बाद कांग्रेस में अंदरखाने भूचाल है। उन्होंने कहा कि घर से संगठन नहीं चलता है, सड़क पर आकर लड़ना पड़ता है।
सोमवार शाम आहूजा कॉलोनी में कार्यकर्ताओं की बैठक में निकाय चुनाव की हार को लेकर विधायक बेहड़ जमकर संगठन पर बरसे। उन्होंने कहा कि मेयर का चुनाव जहां से संचालित हो रहा था, वहां खेड़ा के खिलाफ बातें हो रही थीं। आज महानगर अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को निष्कासित कर रहे हैं। उनका दफ्तर चलाने वाले एक व्यक्ति चुनाव में पार्षद प्रत्याशियों से रुपये मांग रहा था। नैतिकता के आधार पर महानगर अध्यक्ष को इस्तीफा देना चाहिए।

आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई लोग रात में भाजपा के होते हैं और दिन में पार्टी के। इन पांच सालों में कितने कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर गए हैं, उनके कारणों की समीक्षा क्यों नहीं की गई? पिछले चुनाव में पार्टी से बगावत करने वाले नेता को इस चुनाव में टिकट दे दी गई।
उन्होंने कहा कि महानगर संगठन आगे आए और स्मार्ट मीटर को तोड़े लेकिन ये लोग मुकदमा दर्ज होने से डरते हैं। प्रदेश नेतृत्व को भी पदों पर बने रहने का अधिकार नहीं है।
