deri agm नैनीताल दुग्ध संघ के अधिवेशन में उत्पादकों के हितों पर मंथन, उत्पादकों ने उठाए हक और हित के मुद्दे

नैनीताल दुग्ध संघ के अधिवेशन में उत्पादकों के हितों पर मंथन, उत्पादकों ने उठाए हक और हित के मुद्दे

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

दुग्ध उत्पादकों को मिलेगी बड़ी राहत! चार से छह रुपये प्रति लीटर हो प्रोत्साहन राशि : मुकेश बोरा
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों को दी जा रही चार रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर छह रुपये करने और मैदानी क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के सचिवों को भी प्रोत्साहन राशि देने की मांग प्रमुखता से उठी। इस दौरान दुग्ध संघ की उपलब्धियों, उत्पादकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में महापौर गजराज सिंह बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, नवीन दुम्का और हरीश बिष्ट ने भी दीप प्रज्वलित किया। अधिवेशन की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की तथा संचालन प्रबंधक प्रशासन संजय सिंह भाकुनी ने किया। इसमें जिलेभर की दुग्ध समितियों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

दो वर्षों में उत्पादकों को 5.10 करोड़ का भुगतान

अधिवेशन में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि संघ ने अपने अर्जित लाभ में से वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में दुग्ध उत्पादकों को 2.55-2.55 करोड़ रुपये दूध मूल्य अंतर के रूप में भुगतान किए हैं। इसके अलावा वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक का 1.74 करोड़ रुपये लाभांश भी शीघ्र दुग्ध समितियों के बैंक खातों में जमा कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 5.15 करोड़ और वर्ष 2025-26 में 5.46 करोड़ रुपये सदस्य बोनस के रूप में वितरित किए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि समितियों की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता को दर्शाती है।

710 समितियों से प्रतिदिन 1.15 लाख किलो दूध संग्रह

मुकेश बोरा ने बताया कि नैनीताल दुग्ध संघ 78 वर्ष पूरे कर 79वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। वर्तमान में जिले की 710 दुग्ध समितियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 1.15 लाख किलोग्राम दूध का संग्रह किया जा रहा है। संघ के नाम एक दिन में अधिकतम 1.41 लाख किलोग्राम दूध संग्रह का रिकॉर्ड भी दर्ज है। जिले में 354 समितियां पर्वतीय और 356 समितियां मैदानी क्षेत्रों में संचालित हैं। उन्होंने बताया कि आंचल उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए 2760 दुग्ध विक्रेताओं का नेटवर्क कार्य कर रहा है। इसके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 88 हजार लीटर दूध और 30 हजार लीटर दूध से निर्मित दुग्ध पदार्थों की बिक्री की जा रही है। संघ अब तक अधिकतम 1.21 लाख लीटर दूध की बिक्री भी कर चुका है।

प्रोत्साहन राशि बढ़ाने के साथ मैदानी सचिवों को भी मिले लाभ

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने राज्य सरकार से दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली चार रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर छह रुपये करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के सचिवों को 50 पैसे प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दी जा रही है, उसी तर्ज पर मैदानी क्षेत्रों के समिति सचिवों को भी न्यूनतम 25 पैसे प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पशुपालन की बढ़ती लागत को देखते हुए दुग्ध उत्पादकों को अधिक आर्थिक प्रोत्साहन देना समय की आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का दुग्ध उत्पादकों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार भी जताया।

नई दुग्धशाला का निर्माण जारी, धारी में प्रस्तावित है चीज प्लांट

अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के निर्देशन में संघ की नई दुग्धशाला का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके शीघ्र पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा विकासखंड धारी में चीज प्लांट स्थापित करने की योजना भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि दुग्ध व्यवसाय को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए दुग्ध परिवहन, पशु चिकित्सा, संतुलित पशु आहार, साइलेज, मिनरल मिक्सचर, भूसा भंडारण और दुग्ध संग्रह केंद्रों जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। दुग्ध उत्पादकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिक एवं आकस्मिक उपचार, पशु रोग निवारण शिविर, कृमिनाशक दवाइयां और टीकाकरण की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही अनुदान पर संतुलित पशु आहार, साइलेज और मिनरल मिक्सचर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। गौलापार में स्थापित साइलेज प्लांट के माध्यम से स्थानीय किसानों से मक्का खरीदकर हरे चारे का विकल्प तैयार किया जा रहा है, जिससे किसानों और दुग्ध उत्पादकों दोनों को लाभ मिल रहा है।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ की असली ताकत उसके उत्पादक, समितियां और उनसे जुड़े हजारों परिवार हैं। उत्पादकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए संघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों, समिति अध्यक्षों, सचिवों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आंचल परिवार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

1610202602 नैनीताल दुग्ध संघ के अधिवेशन में उत्पादकों के हितों पर मंथन, उत्पादकों ने उठाए हक और हित के मुद्दे Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *