नैनीताल। देश को क्षय रोग (टीबी) से मुक्त करने के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से डीएसबी परिसर सभागार, नैनीताल में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में NCC कैडेट्स और मेरा युवा भारत (MY Bharat) के वॉलंटियर्स को टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए वरिष्ठ उपचार निरीक्षक कमलेश बचखेती ने प्रतिभागियों को टीबी मुक्त भारत अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने टीबी मुक्त भारत ऐप के बारे में बताया और कैडेट्स व वॉलंटियर्स से ऐप डाउनलोड कराया, ताकि अभियान के तहत की जाने वाली गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से दर्ज और ट्रैक किया जा सके।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश ढकरियाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। NCC कैडेट्स और MY Bharat वॉलंटियर्स लोगों को टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहना, वजन कम होना और रात में बुखार आना टीबी के प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लोगों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स और वॉलंटियर्स को हाई-रिस्क क्षेत्रों में स्क्रीनिंग कैंपों में सहयोग करने, टीबी मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने के लिए प्रेरित करने तथा निक्षय मित्र के रूप में मरीजों को मनोसामाजिक एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों, NCC कैडेट्स और वॉलंटियर्स को टीबी मुक्त भारत की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने टीबी से जुड़े सामाजिक कलंक को दूर करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं एवं जागरूकता का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश ढकरियाल, जिला कार्यक्रम समन्वयक अजय भट्ट, वरिष्ठ उपचार निरीक्षक कमलेश बचखेती, दिनेश सिंह रावत, भूपेन्द्र सिंह, NCC कमांडेंट राकेश रावत, डीएसबी परिसर के प्रो. ललित तिवारी और प्रोफेसर डॉ. आशीष मेहता सहित NCC कैडेट्स एवं MY Bharat वॉलंटियर्स मौजूद रहे।

