रुद्रपुर/खटीमा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद खटीमा में संचालित विकास एवं जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को नगर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद खटीमा को नियमित रूप से पैदल भ्रमण एवं निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों और पुलियों का सर्वेक्षण कर शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने नगर क्षेत्र में प्रतिदिन डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि नगर के किसी भी स्थान पर कूड़े का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए तथा स्वच्छता व्यवस्था लगातार बेहतर बनी रहनी चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि खटीमा को एक आदर्श एवं मॉडल नगर के रूप में विकसित करने के लिए समग्र कार्ययोजना बनाकर चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जाएं। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने और जर्जर विद्युत पोलों को शीघ्र बदलवाने के निर्देश भी दिए।
वर्षाकाल को देखते हुए डीएम ने नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उप जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उसका त्वरित समाधान किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, अधिशासी अधिकारी प्रियंका, खंड विकास अधिकारी संजय गाधी, रविंद्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

