कालाढूंगी। कालाढूंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गड़प्पू पुलिस चौकी के पास शनिवार देर रात टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि मोहित पाल (35) पुत्र स्व. प्रमोद पाल और प्रियंका पाल (32) पत्नी मोहित पाल निवासी 3 आरडी फ्लोर झिलमिल कॉलोनी नई दिल्ली अपने घर अयारपाटा नैनीताल जा रहे थे। शनिवार देर रात करीब 10:30 बजे गड़प्पू पुलिस चौकी के पास हाईवे पर अचानक उनकी कार का अगला पहिया फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
थानाध्यक्ष जोशी ने बताया कि राहगीराें की सूचना पर गड़प्पू चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद वह भी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और साथियाें के साथ दोनों को कार से निकालकर कालाढूंगी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉ. भास्कर सेन गुप्ता ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के शव हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में भेजकर उनके परिजनों को सूचना दी।

