25 जुलाई से रानीखेत में होगी शारीरिक परीक्षा, एडमिट कार्ड 15 जुलाई से डाउनलोड करें
अल्मोड़ा। अगर आपने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन किया था और ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम यानी सीईई पास कर लिया है, तो आपके लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा ने भर्ती वर्ष 2027 के लिए भर्ती रैली का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आइए जानते हैं कब, कहां और किन दस्तावेजों के साथ आपको भर्ती रैली में पहुंचना होगा। सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के अनुसार उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले के अग्निवीर अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी पीएफटी 25 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह भर्ती रैली रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड, केआरसी में होगी। इसी दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा। इस भर्ती रैली में केवल अग्निवीर ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के केंद्रीय श्रेणी के अभ्यर्थी भी शामिल होंगे। इनमें रिलीजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार और हवलदार सर्वेयर ऑटो कार्टाेग्राफर के पद शामिल हैं। वहीं जोनल श्रेणी में सिपाही फार्मा और नर्सिंग असिस्टेंट के अभ्यर्थी भी भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।
भर्ती कार्यालय के अनुसार रैली के पहले दो दिन केंद्रीय और जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद शेष दिनों में अग्निवीर अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा आयोजित होगी। भर्ती रैली के एडमिट कार्ड 15 जुलाई 2026 से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। बिना एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन फोटो कॉपी और तीन महीने से अधिक पुराने न होने वाले 20 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। इसके अलावा एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, अविवाहित प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र और एक वर्ष के भीतर जारी ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र अनिवार्य होंगे। सेना भर्ती कार्यालय ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई अभ्यर्थी फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करता है तो उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी और उसकी उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों से भर्ती अधिसूचना में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करने और शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी पूरी मेहनत से जारी रखने की अपील की गई है।अगर आप भी इस भर्ती रैली में शामिल होने जा रहे हैं तो समय रहते अपने सभी दस्तावेज तैयार रखें और 15 जुलाई से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना न भूलें।

