हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। शनिवार रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार दोस्तों की जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली। तीनपानी-गौलापार फ्लाईओवर पर हुए इस भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
शनिवार रात करीब 10 बजे चार दोस्तकृराहुल राजपूत, शिवम, अंशु आर्य और आदित्य टम्टाकृएक ही स्कूटी पर सवार होकर तीनपानी-गौलापार फ्लाईओवर की ओर जा रहे थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तभी लालकुआं की तरफ से तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो आई और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी के परखचे उड़ गए और चारों दोस्त सड़क पर दूर-दूर जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। चारों घायलों को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने राहुल, शिवम और अंशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आदित्य जिंदगी की जंग लड़ता रहा, लेकिन देर रात करीब दो बजे उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पुलिस को मृतकों की पहचान करने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। अपने बच्चों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। एक पल की लापरवाही और तेज रफ्तार ने चार घरों के चिराग बुझा दिए। जिन दोस्तों ने शायद साथ में जिंदगी के कई सपने देखे थे, वे एक साथ इस दुनिया को अलविदा कह गए। यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर सड़कों पर तेज रफ्तार का यह कहर कब थमेगा? क्या सड़क हादसों को रोकने के लिए सख्त ट्रैफिक नियम और तेज रफ्तार पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है? अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

