pnt पंत कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. कश्यप को ‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड

पंत कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. कश्यप को ‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड

उत्तराखण्ड ऊधमसिंह नगर एजुकेशन/कोचिंग ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

200 दिनों में विश्वविद्यालय में किए करीब 100 नवाचार
पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप को ‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। देहरादून स्थित उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। डॉ. कश्यप को विश्वविद्यालय में अकादमिक गुणवत्ता, शोध, नवाचार, प्रशासनिक सुधार और आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ पंतनगर को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए किए गए प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उत्तराखण्ड शासन के प्रमुख सचिव डॉ. मीनाक्षी सुंदरम, यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति तथा 14 गणमान्य शिक्षाविदों वाली चयन समिति की अध्यक्ष डॉ. तृप्ता ठाकुर ने प्रदान किया। यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने डॉ. कश्यप के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके असीमित और निरंतर प्रयासों को देखते हुए यह अवार्ड स्वयं गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉ. कश्यप का बहुआयामी योगदान किसी भी पुरस्कार या सम्मान की परिधि से परे है।
डॉ. कश्यप ने कुलपति के रूप में अपने कार्यकाल के शुरुआती 200 दिनों में विश्वविद्यालय में लगभग 100 नवाचारों और नई पहलों को स्थापित किया। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय का वातावरण नई ऊर्जा से सराबोर हुआ। पंतनगर विश्वविद्यालय को क्यूएस एशिया रैंकिंग में देश के प्रथम कृषि विश्वविद्यालय के रूप में स्थान मिला। शोध गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली तथा आईसीएआर और राज्य सरकार के समक्ष पंतनगर मॉडल पुनः चर्चा का विषय बना।
विश्वविद्यालय में शिक्षण एवं शोध गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ निर्माण और संरचनात्मक विकास के कार्यों को भी गति दी गई। राज्य सरकार से विकास कार्यों के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये के अतिरिक्त शासकीय अनुदान की व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विश्वविद्यालय की सड़कों की मरम्मत के लिए 28 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। इसके अलावा सड़क चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण, छात्रावासों की छतों की मरम्मत, शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, मेस सुधार और छात्रावासों में जनरेटर की व्यवस्था जैसे कार्य शुरू किए गए।
लंबे समय से लंबित भर्ती एवं पदोन्नति प्रक्रिया को भी गति मिली। शासन से रिक्त पदों पर नियुक्तियों की स्वीकृति मिलने के बाद विज्ञापन जारी किए गए और व्यापक स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूर्णता की ओर बढ़ी। विभागाध्यक्षों के पदों के लिए साक्षात्कार संपन्न हुए, लेखा कर्मियों की पदोन्नति की गई और क्षेत्र सहायकों के लिए पदोन्नति योजना लागू की गई। इन कार्यों में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने टीम भावना से योगदान दिया।
उत्तराखण्ड को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने की दिशा में डॉ. कश्यप को राज्य कृषि रोडमैप-2047 तैयार करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। इसके लिए राज्य के उच्चाधिकारियों और विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की 250 सदस्यीय टीम गठित की गई। पंतनगर में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित कर कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, वानिकी, जलवायु समेत 25 विषयों पर जिला-वार रोडमैप तैयार करने की रूपरेखा बनाई गई। यह रोडमैप अब पूर्णता की ओर है।
विश्वविद्यालय में आयोजित ऐतिहासिक किसान मेले में करीब डेढ़ लाख लोगों ने प्रतिभाग किया। मेले में करोड़ों रुपये के बीज एवं कृषि आगतों की रिकॉर्ड खरीद हुई। जनसमस्याओं के समाधान के लिए कुलपति का सुबह आठ बजे जनसंवाद भी खासा लोकप्रिय रहा, जिसमें 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया और 200 से अधिक पुराने मामलों का निस्तारण किया गया। विद्यार्थियों के लिए आयोजित बुधवार मिलन कार्यक्रम में भी सैकड़ों छात्रों ने सुझाव दिए, जिनमें कई को लागू किया गया।
डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की वेबसाइट को नए स्वरूप में तैयार किया गया। शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा गेस्ट हाउस बुकिंग के लिए ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया। डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) लागू करने की तैयारी भी चल रही है।
सामाजिक सरोकारों और उद्योगों से जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए भारत रत्न नानाजी देशमुख निराश्रित गौवंश संरक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। शिक्षा में उद्योगों की सहभागिता बढ़ाने के लिए ब्रिज सीरीज कार्यक्रम स्थापित किया गया, जिसमें 250 से अधिक उद्योग विशेषज्ञ जुड़े। ब्रेन-3.0 कार्यक्रम के तहत देश के 75 उद्यमियों एवं शिक्षाविदों ने विश्वविद्यालय की प्रगति का रोडमैप तैयार किया। वहीं, नवागत विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम को नए प्रयोगों के साथ अधिक उपयोगी बनाया गया, जिसमें 15 दिनों में एक हजार विद्यार्थियों को सफलतापूर्वक शामिल किया गया।
डॉ. एस.के. कश्यप ने पुरस्कार का श्रेय विश्वविद्यालय के समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और पूरे विश्वविद्यालय परिवार को देते हुए कहा कि सभी सदस्य उनकी प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना ही उनके सभी प्रयासों का मूल उद्देश्य है।

1610202602 पंत कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. कश्यप को ‘वाइस-चांसलर ऑफ द ईयर’ अवार्ड Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *