हल्द्वानी। तीन दिवसीय अंतर्विद्यालयी बास्केटबॉल चैंपियनशिप का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। बालिका वर्ग में इंस्पिरेशन स्कूल और बालक वर्ग में एसकेएम स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की।
बालिका वर्ग के फाइनल में इंस्पिरेशन स्कूल और गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंतिम समय तक चले रोमांचक मैच में इंस्पिरेशन स्कूल ने 28-26 से जीत दर्ज कर खिताब हासिल किया। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में एसकेएम स्कूल ने दिल्ली पब्लिक स्कूल को 57-23 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। बालिका वर्ग में गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल और बालक वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल उपविजेता रहे।
प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल की मानवी उपाध्याय और बालक वर्ग में एसकेएम स्कूल के हर्ष कार्की को मोस्ट इमर्जिंग प्लेयर चुना गया। बेस्ट शूटर का पुरस्कार बालिका वर्ग में इंस्पिरेशन स्कूल की उषा पाठक और बालक वर्ग में एसकेएम स्कूल के चेतन नेगी को मिला। वहीं मोस्ट प्रोमिसिंग प्लेयर बालिका वर्ग में इंस्पिरेशन स्कूल की गीतिका राठौर और बालक वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल के भूपेश सिंह रहे।
अंतिम दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में बालिका वर्ग में इंस्पिरेशन स्कूल ने ऑरम द ग्लोबल स्कूल को 32-17 से हराया, जबकि गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल ने सेंट लॉरेंस को 44-35 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। बालक वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने इंस्पिरेशन स्कूल को 55-42 से हराया। वहीं एसकेएम स्कूल ने गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल को 55-23 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
समापन समारोह में प्रबंधक डॉ. दीपक बल्यूटिया, चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया और प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने विजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान पीएसए अध्यक्ष कैलाश भगत, वीबी नैनवाल, समित टिक्कू, राधा ऐठानी, अनिल जोशी, सुनील जोशी, विवेक अग्रवाल, ऋषभ जोशी, संजय बल्यूटिया, गायत्री बल्यूटिया, तक्ष बल्यूटिया, आयुषी बल्यूटिया, उपप्रधानाचार्य ममता तनेजा, समन्वयक प्रियंका शर्मा, मनोज बल्यूटिया, भावना ताकुली सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

