स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर तैयार करवाए शुद्ध खिले बतासे, शहर में लगाए गए दो विशेष स्टॉल
हल्द्वानी। त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने अनूठी पहल की है। पिछले वर्ष बाजार में बिकने वाले खिले बतासों की गुणवत्ता एवं शुद्धता को लेकर मिली शिकायतों के बाद नगर निगम ने इस वर्ष स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर शुद्ध एवं स्वच्छ तरीके से खिले बतासे तैयार करवाए हैं।

इस पहल के तहत हल्द्वानी शहर में दो विशेष स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जहां नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खिले बतासे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
रविवार को इन स्टॉलों का अवलोकन करने पहुंचे पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट तथा दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट ने स्वयं अपने परिवार के लिए स्टॉल से खिले बतासे खरीदे। उन्होंने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य त्योहारों के दौरान नागरिकों को शुद्ध एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही स्थानीय महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर तैयार करवाए गए खिले बतासे इसी दिशा में एक सार्थक पहल हैं।
महापौर ने नगरवासियों से अपील की कि वे नगर निगम के विशेष स्टॉलों से खिले बतासे खरीदकर इस पहल से जुड़ें और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के परिश्रम एवं हुनर को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, ध्रुव रौतेला, मोहन पाठक, पार्षद धीरज पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

