आंगन का मिलन बनेगा सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान: धन सिंह रावत
हल्द्वानी6। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय तल्ली, हल्द्वानी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट ने शिक्षा मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण तक सीमित न रहें, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता एवं संवाद के सशक्त मंच बनें। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला ‘आंगन का मिलन’ महाभियान सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान बनेगा।
डॉ. रावत ने बेटियों के सशक्तिकरण को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में प्रत्येक टॉपर छात्र-छात्रा, चाहे वह छात्र हो या छात्रा, को सरकार की ओर से लैपटॉप दिया जाएगा। इसके अलावा इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनावों में पहली बार बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को अभियान का गंभीरता से क्रियान्वयन करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रमों की फोटो-वीडियोग्राफी कर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्तियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने को कहा।
कार्यक्रम के दौरान गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं गोद भराई कार्यक्रम के तहत चार लाभार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें फल वितरित किए गए। चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली, हल्द्वानी के लिए शीघ्र ही एक अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के निदेशक निश्चल पांडे, भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट, मंडल अध्यक्ष युगल शर्मा, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज शाह, दिनेश खुल्बे, बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण जोशी, जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, प्रधानाचार्य प्राथमिक विद्यालय मीना आर्य, डॉ. रिचा शुक्ला, डॉ. कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, सुपरवाइजर पूनम गोस्वामी सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां, आशा कार्यकर्तियां, छात्र-छात्राएं एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

