हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की शनिवार को रामलीला मैदान में प्रस्तावित जनसभा और रैली को देखते हुए पुलिस ने शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शनिवार को घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेकर ही यात्रा की योजना बनाएं, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
पुलिस के अनुसार रामपुर रोड से जनसभा में आने वाले सभी प्रकार के वाहनों को एचएन इंटर कॉलेज में पार्क कराया जाएगा। वहीं बरेली रोड से आने वाले वाहनों के लिए लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
खटीमा और सितारगंज क्षेत्र से आने वाले वाहनों को गौलापार आरटीओ फिटनेस सेंटर के सामने सड़क किनारे पार्क कराया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए ठंडी सड़क (नहर कवरिंग) और खालसा इंटर कॉलेज मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
इसी तरह कालाढूंगी और रामनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जेल रोड तिराहा होते हुए पर्वतीय उत्थान मंच और लगन गार्डन में पार्क कराया जाएगा। पुलिस ने बताया कि निर्धारित ट्रैफिक प्लान की जानकारी कार्यक्रम के आयोजकों को भी दे दी गई है। आयोजकों से कहा गया है कि वे जनसभा में आने वाले कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पहले से ही निर्धारित पार्किंग स्थलों तथा यातायात व्यवस्था की जानकारी दें, जिससे शहर में अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न हो।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसभा के दौरान यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर आयोजक भी जिम्मेदार होंगे। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई है कि शनिवार को आवश्यक होने पर ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की ओर जाएं और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाएं और निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन कर सहयोग करें।

