दिसंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी 2477 पदों पर आवेदन प्रक्रिया
देहरादून। अगर आप उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। चुनावी साल से पहले राज्य सरकार करीब ढाई हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। किन विभागों में निकलेंगी ये भर्तियां, कब शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया और किन पदों पर पहले से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा कब होगी? पूरी जानकारी इस रिपोर्ट में। उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर आने वाला है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग दिसंबर से पहले करीब ’’2,477 पदों’’ पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।
आयोग के अध्यक्ष ’’जीएस मर्ताेलिया’’ के अनुसार, इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया दिसंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।
इन भर्तियों में
’ स्केलर
’ कनिष्ठ सहायक
’ वैयक्तिक सहायक
’ स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद
’ पुलिस विभाग
’ आबकारी विभाग
’ परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद
’ संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक
’ सहायक विकास अधिकारी सहित कई अन्य पद शामिल हैं।
इतना ही नहीं, जिन ’’1,470 पदों’’ के लिए पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनकी लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक कराने की तैयारी की जा रही है। इन पदों में वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद, विभिन्न तकनीकी सेवाएं और स्नातक स्तरीय कई पद शामिल हैं। यानी जो अभ्यर्थी पहले से आवेदन कर चुके हैं, उनका भी जल्द परीक्षा का इंतजार खत्म होने वाला है। वहीं नई भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को भी जल्द आवेदन करने का मौका मिलेगा।
इसको लेकर मुख्यमंत्री ’’पुष्कर सिंह धामी’’ ने कहा कि उनकी सरकार लगातार सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले साढ़े चार वर्षों में ’’34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी’’ दी जा चुकी है। आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक योग्य युवाओं को रोजगार मिल सके। अगर आप भी सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, तो आने वाली भर्तियों के आधिकारिक नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखें और अपनी तैयारी अभी से तेज कर दें।

