पंतनगर/रुद्रपुर। जनपद के राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत पीयर एजुकेटर्स के सर्वांगीण विकास और व्यावसायिक मार्गदर्शन के उद्देश्य से एक विशेष ‘एक्सपोजर विजिट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पीयर एजुकेटर्स के दल ने टाटा मोटर्स लिमिटेड, पंतनगर स्थित प्लांट का भ्रमण कर औद्योगिक कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण दल को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने मुख्य चिकित्सालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण युवाओं के दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं। इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है, जो उनके भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होता है। एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य पीयर एजुकेटर्स को औद्योगिक अनुशासन, कार्य संस्कृति और रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराना था। प्लांट भ्रमण के दौरान कंपनी के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों और आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, एसीएमओ डॉ. डी.पी. सिंह, डीपीएम हिमांशु, डीडीएम चांद मियां, आरबीएसके मैनेजर पूरनमल, डीपीओ आरकेएसके मो. आमिर खान, समस्त काउंसलर, कंपनी प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पीयर एजुकेटर्स ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने करियर एवं कौशल विकास के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
