नैनीताल। नैनीताल में उस्मान नाम के बुजुर्ग ठेकेदार पर एक बालिका से दुष्कर्म करने का आरोप लगा। जिसके बाद से नैनीताल का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। बृहस्पतिवार सुबह से ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया है।
बीती रात हुई एक घटना के बाद से नैनीताल का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। सुबह से ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया है, वहीं तल्लीताल व्यापार मंडल ने विरोध स्वरूप सुबह की बैठक के बाद दोपहर 12 बजे तक सांकेतिक बंद का ऐलान किया है। व्यापारी बाजार में ही धरने पर बैठ गए हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मारुति साह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। इस प्रदर्शन में शनि आनंद, दिनेश कर्नाटक, राजेंद्र मनराल, ममता जोशी, नासिर खान और राजेंद्र बिष्ट सहित कई लोग शामिल रहे। वहीं, व्यापारियों के आक्रोश को देखते हुए तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति साह ने पूरे दिन बाजार बंद करने का ऐलान किया है। यहां आ रहे टूरिस्ट को असुविधा न हो इसके लिए यहां लंगर लगाया जाएगा। नैनीताल बाजार की क्रांति चौक में उन्हें आलू और पूरी का वितरण किया जाएगा, जिससे अतिथि भूख ना रहे।
क्या है पूरा मामला
नैनीताल में बुधवार को सांप्रदायिक तनाव फैल गया। रात करीब साढ़े नौ बजे से साढ़े 12 बजे तक सड़कों पर जमकर बवाल हुआ। उस्मान नाम के बुजुर्ग ठेकेदार पर एक बालिका से दुष्कर्म करने का आरोप लगा। बालिका से दुष्कर्म की सूचना शहर में आग की तरह फैल गई। भीड़ मल्लीताल की सड़कों पर जमा हो गई। इसके बाद हिंदू संगठनों ने मुस्लिम समाज के लोगों की दुकानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने वालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। नैनीताल में गाड़ी पड़ाव में घरों में तोड़फोड़ कर रहे लोगों को रोकने के लिए पुलिस को लाठियां चलानी पड़ीं। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। तभी कुछ भीड़ कम हुई। हालांकि पुलिस के लाठी चलाने पर कई हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भड़क उठे और दोबारा कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गए।

