अंडर -14 वर्ग में कुल तीन पदक जीतकर छात्र ने बढ़ाया स्कूल और प्रदेश का गौरव।
हल्द्वानी। उत्तराखंड स्टेट जूनियर एवं सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में आर्यमान विक्रम बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग, हल्द्वानी के छात्र कौस्तुभ भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए हैं।
उत्तराखंड तैराकी फेडरेशन (एसएफआई) की ओर से 16 एवं 17 जुलाई को हल्द्वानी के गोलापार स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में कौस्तुभ भट्ट ने अंडर-14 आयु वर्ग में कुल तीन पदक जीतकर विद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में कौस्तुभ भट्ट ने 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक और 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कौस्तुभ की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, खेल अध्यापकों एवं प्रशिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय परिवार ने कहा कि कौस्तुभ की मेहनत और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड स्टेट जूनियर एवं सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित और बड़ी तैराकी प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है। ऐसे में कौस्तुभ भट्ट की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि विद्यालय और जिले के लिए भी गौरव का विषय है।

