हल्द्वानी। सोमवार 30 सितंबर को अब हल्द्वानी का बाजार बंद नहीं रहेगा। लोग अपनी सुविधानुसार बाजार में खरीददारी करने आ सकते हैं। सडक़ चौड़ीकरण के विरोध में संयुक्त संघर्ष समिति ने बाजार बंदी का निर्णय फिलहाल स्थगित कर दिया है।
व्यापारियों को मंडी परिषद के अध्यक्ष डा. अनिल कपूर डब्बू तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने आश्वासन दिया है कि संयुक्त संघर्ष समिति का एक शिष्टमंडल शीघ्र ही उनकी अगुवाई में मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए मिलेगा और सडक़ चौड़ीकरण के दौरान व्यापारियों के समक्ष आ रही दिक्कतों का समाधान किया जायेगा। रविवार देर शाम संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि सोमवार 30 सितंबर को बाजार रोजाना आम दिनों की तरह खुला रहेगा।

निकाय चुनाव के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा, तीन लाख 32 हजार 441 वोटर चुनेंगे अपना नेता
बता दें कि रोडवेज से मंगलपड़ाव तक सडक़ चौड़ीकरण की जद में कई दुकानें टूटने की नौबत आ ही चुकी है। इसके विरोध में व्यापारियों ने पिछले काफी समय से मोर्चा खोला हुआ है। मामला हाईकोर्ट तक भी पहुंचा लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। जिसके बाद संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बैठक की गई जिसमें 30 सितंबर को हल्द्वानी बंद का निर्णय लिया गया। रविवार को मंडी परिषद के अध्यक्ष डा. अनिल कपूर डब्बू तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने व्यापारियों के बीच वार्ता हुई।
दोनों के बीच चली वार्ता में भरोसा दिलाया कि इस संबंध में जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से व्यापारियों की वार्ता कराई जाएगी और शीघ्र ही व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण भी होगा। इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद के निर्णय को वापस लेते हुए स्थगित कर दिया है। वार्ता में हेम बल्यूटिया, अशोक गुप्ता, मुकेश ढींगरा, बलविंदर सिंह, अनिल गुप्ता, पंकज कंसल, गौतम अरोरा, विमल विरमानी आदि शामिल रहे।
