डीएम बंसल को हमेशा याद रखेगी दिव्यांग नीलम
रामनगर। आमजन की उम्मीद पर डीएम सविन बंसल खरे उतरते नजर आ रहे हैं। जो भी उन्हें समस्या बता रहा है उनकी कोशिश यह हो रही है कि मददगार को आश्वासन के बजाए सीधे लाभ मिल जाए। एक दिव्यांग बालिका भी डीएम की इसी कार्यशैली के चलते महज 24 घंटे के अंदर ही लाभांवित हो गयी। दरअसल बीते दिनों नैनीताल डीएम सविन बंसल ने रामनगर का दौरा किया था। इसी दौरान देवीपुरा, मलधनचैड़ निवासी आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग बालिका नीलम़ ने जिलाधिकारी सविन बंसल से अनुरोध किया कि वह चल पाने में अक्षम है जिस कारण उसे व्हील चेयर दे दी जाए। बड़े आत्मविश्वास और मदद की उम्मीद से दिव्यांग दिव्यांग बालिका ने डीएम के सामने अपनी बात रखी।
विभाग ने घर जाकर उपलब्ध कराई व्हील चेयर
दिव्यांग बालिका की स्थिति के आधार पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरूद्ध से दूरभाष पर वार्ता कर बालिका को एक दिन के भीतर व्हील चेयर उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे इसके बाद 24 घंटे के भीतर ही समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग बालिका नीलम को उनके आवास पर पहुॅचकर निःशुल्क व्हीलचेयर उपलब्ध करायी। व्हील चेयर पाकर बालिका की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उसने इस कार्य के लिए जिलाधिकारी बंसल का धन्यवाद ज्ञापित किया।

