IMG 20261113 WA0003 छह शिक्षकों के तबादले से गुनियालेख इंटर कॉलेज की पढ़ाई प्रभावित, आंदोलन की चेतावनी

छह शिक्षकों के तबादले से गुनियालेख इंटर कॉलेज की पढ़ाई प्रभावित, आंदोलन की चेतावनी

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, स्थायी प्रधानाचार्य की नियुक्ति की भी उठाई मांग

भीमताल। धारी विकासखंड के गुनियालेख इंटर कॉलेज में मिड सेशन के दौरान छह शिक्षकों के स्थानांतरण किए जाने और उनके स्थान पर नए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल सुरेश चंद्र आर्या से मुलाकात कर शिक्षकों के रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति और विद्यालय में स्थायी प्रधानाचार्य की तैनाती की मांग उठाई।

इस संबंध में उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि शैक्षणिक सत्र के बीच में छह शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाना उचित नहीं था। यदि विभाग ने स्थानांतरण का निर्णय लिया भी था तो तत्काल उनके स्थान पर दूसरे शिक्षकों की नियुक्ति की जानी चाहिए थी। विभाग के अदूरदर्शी निर्णय का खामियाजा क्षेत्र के विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

मनोज शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के अभिभावक इस समस्या को लेकर कई बार क्षेत्रीय सांसद, विधायक और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रख चुके हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में स्थायी प्रधानाचार्य का पद भी लंबे समय से रिक्त है, जिससे विद्यालय की व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। गेस्ट टीचरों के अलावा भी कई पद रिक्त हैं, जिन्हें तत्काल भरा जाना आवश्यक है।

कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभाग को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि इस अवधि के भीतर शिक्षकों के सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाए तथा विद्यालय में स्थायी प्रधानाचार्य की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 10 दिन के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

1610202602 छह शिक्षकों के तबादले से गुनियालेख इंटर कॉलेज की पढ़ाई प्रभावित, आंदोलन की चेतावनी Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *