पालिका बोर्ड बैठक में विकास कार्यों के कई प्रस्ताव पारित, पुराने शौचालयों का होगा जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण
भीमताल। नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। बुधवार को पालिकाध्यक्ष सीमा टम्टा की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में पुस्तकालय की स्थापना सहित विकास कार्यों से जुड़े कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। पुस्तकालय बनने से नगरवासियों और विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और जनसुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे। इस दौरान नगर में नए शौचालयों के निर्माण के साथ पुराने और जर्जर शौचालयों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया गया।
बैठक की शुरुआत में अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह ने पिछली बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी। इस दौरान सभासद शुभम नैनवाल ने स्थानीय होम स्टे संचालकों से लिए जाने वाले यूजर चार्ज को कम करने की मांग उठाई।
पालिकाध्यक्ष सीमा टम्टा ने बताया कि भीमताल में पुस्तकालय की स्थापना के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर के पुराने और जर्जर शौचालयों की मरम्मत कर उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। डांठ स्थित शौचालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक शौचालय के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खुटानी तिराहे पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए नया शौचालय बनाया जाएगा। इसके अलावा भूमि उपलब्ध होने पर खुटानी में यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण भी कराया जाएगा।
बैठक में सभासद रामपाल गंगोला, शुभम नैनवाल, शिप्रा जोशी, विमला आर्या, हेमा दुम्का, नीरज रैकुनी, दीपक कुमार बंटी, उमेश पाठक और प्रकाश चंदोला सहित नामित सभासद योगेश तिवारी, प्रकाश कनौजिया, गौतम मटियाली, महेश जोशी, पंकज जोशी, भावना पांडे, गीता रावत और बबीता सांगुड़ी मौजूद रहे। इसके अलावा दीपक तिवारी सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।

