हल्द्वानी। उत्तराखंड के युवाओं के लिए आईटीआई में प्रवेश को लेकर बड़ी खबर है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड के अंतर्गत संचालित विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में रिक्त एनसीवीईटी सीटों पर प्रवेश का एक और मौका दिया जा रहा है। व्यावसायिक परीक्षा परिषद, उत्तराखंड द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सत्र 2026-27 में व्यवसायवार रिक्त सीटों के सापेक्ष पात्र अभ्यर्थियों को संस्थान स्तर पर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 को संबंधित राजकीय आईटीआई संस्थानों में होगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले आईटीआई प्रवेश के लिए आवेदन नहीं किया है, वे भी सीधे संबंधित राजकीय आईटीआई संस्थान में पहुंचकर इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, पहले से किसी संस्थान में प्रवेश ले चुके अभ्यर्थी इस प्रक्रिया के तहत प्रवेश के लिए पात्र नहीं होंगे।
वहीं, ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पहले आवेदन किया था लेकिन उन्हें किसी भी संस्थान में प्रवेश नहीं मिल पाया, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत निःशुल्क आवेदन के पात्र होंगे। इसके लिए उन्हें अपने पूर्व आवेदन से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के समय अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र, उनकी एक-एक छायाप्रति और निर्धारित प्रवेश शुल्क के साथ संबंधित राजकीय आईटीआई में उपस्थित होना होगा।
संस्थानवार और व्यवसायवार रिक्त सीटों, योग्यता, प्रवेश शुल्क और अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी राजकीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।
तो अगर आप आईटीआई में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह आपके लिए महत्वपूर्ण मौका है। 31 अगस्त को अपने नजदीकी राजकीय आईटीआई पहुंचें और ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश का लाभ उठाएं। अगर यह जानकारी आपको उपयोगी लगी हो तो अधिकाधिक लोगों तक इस खबर को शेयर करना न भूलें

