logo1 नैनीताल में सोमवार को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश, ऑरेंज अलर्ट के चलते डीएम ने जारी किए आदेश

नैनीताल में सोमवार को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश, ऑरेंज अलर्ट के चलते डीएम ने जारी किए आदेश

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 31 अगस्त 2026 को जनपद नैनीताल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी करते हुए कहा कि 31 अगस्त 2026, सोमवार को जनपद नैनीताल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। इसके साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। वर्तमान में जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।

आदेश के अनुसार विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

हालांकि, यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *