पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र 3715 में जुलाई 2026 सत्र के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पूर्व में 31 जुलाई 2026 निर्धारित प्रवेश तिथि को बढ़ाकर अब 16 अगस्त 2026 कर दिया गया है। अध्ययन केंद्र के समन्वयक ने बताया कि इग्नू मुख्यालय द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा एवं अधिकाधिक विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवेदन की अंतिम तिथि का विस्तार किया गया है। ऐसे अभ्यर्थी जो किसी कारणवश निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं कर सके थे, वे अब विस्तारित अवधि का लाभ उठाते हुए 16 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अध्ययन केंद्र 3715 के माध्यम से लाइब्रेरी एवं इन्फॉर्मेशन साइंस, कृषि, डेयरी, मीट टेक्नोलॉजी, ऑर्गेनिक फार्मिंग, पोल्ट्री फार्मिंग, वाटर हार्वेस्टिंग, एग्रीबिजनेस तथा विभिन्न विशेषज्ञताओं वाले एमबीए सहित अनेक रोजगारोन्मुखी स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों, कार्यरत पेशेवरों, किसानों, उद्यमियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत व्यक्तियों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। समन्वयक ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय तक प्रतीक्षा न करते हुए शीघ्र ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें तथा विस्तारित अवधि का अधिकतम लाभ उठाएं।

