भीमताल। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने जल्द ही “नशा मुक्त व भ्रष्टाचार मुक्त भीमताल विधानसभा संघर्ष समिति” के गठन की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य भीमताल विधानसभा क्षेत्र में नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाना तथा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना होगा।
मनोज शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि वह लंबे समय से भीमताल विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि क्षेत्र की युवा शक्ति, मातृशक्ति और बुद्धिजीवी वर्ग भ्रष्टाचार और अवैध शराब तस्करी से परेशान है। उनका आरोप है कि इन मुद्दों पर लोगों का सरकार से विश्वास उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह “शांत तरीके” से इस अभियान की तैयारी कर रहे थे और अब विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षित एवं रचनात्मक युवाओं का एक बड़ा समूह उनके संपर्क में है, जो इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
मनोज शर्मा के अनुसार, बनने वाली समिति में उच्च शिक्षित युवाओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी। ये टीमें अपने-अपने गांवों और क्षेत्रों में युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ेंगी, नए रोजगार संबंधी विचार साझा करेंगी तथा नशा और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाएंगी।उन्होंने बताया कि समिति के संरक्षक के रूप में देश के एक प्रसिद्ध मोटिवेटर को जोड़ा जाएगा, जिनके नाम की घोषणा समिति के औपचारिक गठन के दिन की जाएगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि समिति को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और इसकी कार्यप्रणाली दलगत राजनीति से अलग होगी। उन्होंने दावा किया कि यह अभियान भीमताल विधानसभा से एक बड़े जनआंदोलन की शुरुआत करेगा। समिति की विस्तृत रूपरेखा और रणनीति जल्द ही जनता के सामने रखी जाएगी।

