हल्द्वानी। आर्यमान विक्रम बिरला स्कूल, हल्द्वानी के होनहार तैराक कौस्तुभ भट्ट का दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ा है। हाल ही में मेरठ में आयोजित सीबीएसई (CBSE) नॉर्थ ज़ोन तैराकी प्रतियोगिता में कौस्तुभ भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीता। इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन भोपाल में आयोजित होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पहले उत्तराखंड राज्य जूनियर एवं सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में भी कौस्तुभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए थे। वहीं स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में अंडर-14 आयु वर्ग में कौस्तुभ ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर कुल तीन पदक हासिल किए और प्रदेश व विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक के.के. यादव ने बताया कि वर्ष 2026 में कौस्तुभ भट्ट का चयन जयपुर में आयोजित स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता तथा भोपाल में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे उत्तराखंड की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेश मेहरा, खेल प्रशिक्षक के.के. यादव, तैराकी प्रशिक्षक पूनम सिरोला, अभिषेक जोशी, तरुण ठाकुली और महिंदर बोरा सहित समस्त विद्यालय परिवार ने कौस्तुभ भट्ट को उनकी शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

