हल्द्वानी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को हल्द्वानी स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनता दरबार आयोजित कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।जनता दरबार में दूर-दराज के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व समेत विभिन्न जनसमस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने 700 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने का आह्वान किया।
जनता दरबार में नगर आयुक्त हल्द्वानी, डीडीओ नैनीताल, एसडीएम धारी, एसडीएम नैनीताल, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव सहित विद्युत, पेयजल और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

