884c081a 48d8 4550 ad62 36af4b34048c मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर में किया 2830 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर में किया 2830 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

उत्तराखण्ड ऊधमसिंह नगर ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह जी ने गदरपुर बस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रों के बीच 2830.07 लाख के 08 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने फीता काट कर नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 275.70 लाख की लागत से बने नव निर्मित विकास खण्ड गदरपुर के कार्यालय भवन, 69.19 लाख की लागत से ग्रामीण क्षेत्र में हरिचन्द्र-गुरुचन्द्र बंग विशाल सामुदायिक भवन एवं 349.17 लाख की लागत से बने गदरपुर बस अड्डे का लोकार्पण एवं 1839.70 लाख की लागत से गदरपुर में बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय (डेस्टिनेशन) से गुलरभोज कूल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक सिंचाई विभाग के माध्यम से कंक्रीट सड़क का निर्माण कार्य, 67.29 लाख की लागत से रामजीवनपुर न0- 3 व ग्राम मझरशिला के आंतरिक मार्गो में इंटर लॉकिंग टाइल रोड का नव निर्माण कार्य, 87.09 लाख की लागत से गदरपुर के जयनगर न0- 4 कॉलोनी के विभिन्न मार्गो का इंटरलॉकिंग टाइल द्वारा मार्ग का नव निर्माण कार्य, 57.82 लाख की लागत से गुरुनानकपुर के आंतरिक मार्गो का इंटर लॉकिंग टाईल द्वारा नव निर्माण कार्य एवं 84.11 लाख की लागत से कुल्हा चौराहे से लक्ष्मण सिंह गट्टी के ग्राम तक इंटर लॉकिंग टाईल रोड के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से गदरपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के समस्त क्षेत्रों के लोगों को भी व्यापक लाभ मिलेगा तथा यह पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति और नई पहचान प्रदान करेंगी।

उन्होंने कहा कि गूलरभोज भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन एवं विकास केंद्र (डेस्टिनेशन) के रूप में उभरेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। एक ओर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर देवभूमि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए विकास का अर्थ केवल सड़क, पुल और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन को अधिक सुरक्षित, समृद्ध और सुविधाजनक बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार केवल शिलान्यास तक सीमित रहने वाली सरकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की तरह योजनाओं का शिलान्यास कर उन्हें भुलाया नहीं जाता, बल्कि प्रत्येक परियोजना को चरणबद्ध ढंग से पूरा कर उसका लोकार्पण किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे देश में ऐसी कार्य संस्कृति विकसित हुई है, जिसमें शिलान्यास को समयबद्ध रूप से लोकार्पण में बदलना ही डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी पहचान है।

उन्होंने बताया कि नवनिर्मित बस स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, किचन सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे गदरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, नए खण्ड विकास कार्यालय भवन के निर्माण से ग्रामीण विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर अधिक सुगमता से प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए पूरे उत्तराखण्ड में विकास की नई कहानी लिख रही है।

उन्होंने बताया कि गदरपुर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय में छात्रावास भवन का निर्माण कराया गया है, राजकीय इंटर कॉलेज दिनेशपुर में आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया गया है तथा आईटीआई गूलरभोज में बालिका छात्रावास का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनेक विकास कार्य युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण के प्रस्ताव को भी शासन से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जिससे क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बोर डैम के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में लगभग ₹4 करोड़ की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा विभिन्न गांवों में लगभग ₹13 करोड़ की लागत से पेयजल योजनाओं का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने कहा कि ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से गदरपुर विकासखंड में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रक्रिया पूर्व में भी कई बार सम्पन्न हो चुकी है और इस बार भी सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य धरातल पर दिखाई देते हैं।उन्होंने कहा नए आधुनिक बस स्टेशनो के निर्माण जनता को सुगम यात्रा व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हाेंगी,इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा ने सभी का स्वागत व अभिनंदन करते हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारीया दी व सर्वांगीण विकास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने गदरपुर विधायक के अनुरोध पर कहा कि चीनी मिल कार्मिको को सातवां वेतनमान दिलाने हेतु जल्द ही रास्ता निकाला जाएगा। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र गूलरभोज में जिम कार्बेट की जिप्सी परमिट पर संचालन व महाविद्यालय गदरपुर में दो पीजी कोर्स भविष्य में संचालित करने का आश्वासन दिया। इसके उपरान्त माननीय मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ रूद्रपुर रिंग रोड का निरीक्षण भी किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मंजीत सिंह, सुरेंद्र नामधारी, प्रदेश मंत्री भाजपा गुंजन सुखीजा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, अध्यक्ष नगर पालिका गदरपुर मनोज गुम्बर, अध्यक्ष नगर पंचायत गुलरभोज सतीश चुघ, अध्यक्ष नगर पंचायत दिनेशपुर मंजीत कौर, प्रीत ग्रोवर राजेश कुमार सहित सचिव परिवहन रविनाथ रमन, अपर सचिव रीना जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि , अधिकारी मौजूद थे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *