प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। चुनाव से पहले प्रदेशभर में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात आईएएस, पीसीएस और चुनाव ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों के तबादले किए जाएंगे। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में सबसे बड़ा कदम अधिकारियों के तबादलों को लेकर उठाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ’’प्रदेशभर में जो भी आईएएस, पीसीएस या चुनाव ड्यूटी से जुड़े अधिकारी पिछले तीन साल से एक ही स्थान पर तैनात हैं, उन्हें जल्द ही हटाया जाएगा।’’ इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से राज्य सरकार को जल्द पत्र भेजा जाएगा। इन तबादलों का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है। चुनाव से लगभग छह महीने पहले नए अधिकारियों की तैनाती की जाती है, ताकि वे चुनाव संबंधी सभी प्रशिक्षण समय पर प्राप्त कर सकें और पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित कर सकें।
उधर, चुनावी तैयारियों के तहत पहले से उपलब्ध ईवीएम के अलावा बिहार से ’’2,500 बैलेट यूनिट, 6,000 वीवीपैट और 12,500 कंट्रोल यूनिट’’ उत्तराखंड पहुंच चुकी हैं। इन्हें जिलों में भेजा जा रहा है। सितंबर और अक्टूबर में इन सभी ईवीएम की ’’फर्स्ट लेवल चेकिंग’’ होगी। खराब मशीनों को अलग कर दिया जाएगा, जबकि सही मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इसी दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और अन्य चुनावी कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी शुरू होगा। साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान और चुनावी सामग्री की खरीद प्रक्रिया भी तेज की जाएगी। यानी साफ है कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक और तकनीकी दोनों स्तरों पर तैयारियां अब रफ्तार पकड़ चुकी हैं।

