कांवड़ मेले के मददेनजर हरिद्वार जिला प्रशासन ने लिया फैसला, जारी रहेगी ऑनलाइन पढ़ाई
हरिद्वार। हरिद्वार से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। ’’30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक हरिद्वार जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।’’ हालांकि, इस दौरान छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी।
हरिद्वार में हर साल आयोजित होने वाले श्रावण कांवड़ मेले में लाखों-करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ रहती है, जिसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाता है और कुछ रास्ते पूरी तरह बंद रहते हैं। इसी स्थिति को देखते हुए ’’जिलाधिकारी मयूर दीक्षित’’ ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और जनहित को प्राथमिकता देते हुए ’’30 जुलाई से 11 अगस्त तक जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।’’
डीएम के आदेश के अनुसार यह अवकाश केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के सभी ’’सरकारी और निजी विद्यालय, उच्च शिक्षण संस्थान, तकनीकी संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र’’ भी इस अवधि में बंद रहेंगे। यानी कुल ’’13 दिनों तक ऑफलाइन शिक्षण कार्य पूरी तरह स्थगित रहेगा।’’
हालांकि, प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसीलिए सभी स्कूलों और कॉलेजों को ’’ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश’’ दिए गए हैं। स्कूल प्रबंधन ने ऑनलाइन क्लास का शेड्यूल तैयार करना शुरू कर दिया है और शिक्षकों को तय समय के अनुसार पढ़ाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। अभिभावकों को भी स्कूलों की ओर से व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों से सूचना भेजी जा रही है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को मोबाइल, इंटरनेट और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएं, ताकि वे नियमित रूप से ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल हो सकें। तो अगर आप हरिद्वार जिले में रहते हैं या आपके बच्चे वहां के किसी स्कूल या कॉलेज में पढ़ते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

