हल्द्वानी। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की अवर सचिव सुश्री जयंती कनौजिया एवं ग्रामीण विकास विभाग (DoRD) के संयुक्त निदेशक श्री उमेश कुमार राम ने शनिवार को बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी (RSETI) हल्द्वानी का निरीक्षण एवं भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित 31 दिवसीय आवासीय “सेलुलर फोन रिपेयर एवं सर्विस” प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं से संवाद किया।
अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से उनके अनुभव, प्रशिक्षण के दौरान हुई प्रगति तथा प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार के रूप में इस कौशल को अपनाने की उनकी योजनाओं की जानकारी ली। सुश्री जयंती कनौजिया ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके आत्मविश्वास एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कौशल विकास को आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संयुक्त निदेशक श्री उमेश कुमार राम ने आरसेटी के निदेशक श्री अतुल कुमार पांडेय एवं अन्य स्टाफ से प्रशिक्षण व्यवस्था एवं संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए कौशल विकास कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के लिए नए ट्रेड शुरू करने, स्वास्थ्य शिविरों, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों तथा जॉब मेलों एवं कार्यशालाओं में प्रतिभागियों की भागीदारी बढ़ाने के सुझाव दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी श्री तनवीर असगर, ग्राम विकास अधिकारी श्री शैलेश कुमार पंत, बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी की कार्यालय सहायक श्रीमती ममता कनवाल अधिकारी एवं श्री प्रकाश गोस्वामी भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रशिक्षुओं को उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

