रुद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर में मंगलवार को ‘आशा सम्मेलन’ का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहा गया तथा उनके सशक्तिकरण, प्रोत्साहन और समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अजय भट्ट उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक शिव अरोड़ा तथा नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने प्रतिभाग किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
अपने संबोधन में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि आशा बहनें जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक शिव अरोड़ा ने आशा कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना काल से लेकर सामान्य परिस्थितियों तक, समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका अतुलनीय रही है।
महापौर विकास शर्मा ने नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की प्रशंसा की और स्थानीय स्तर पर हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित पटल पर उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन बी.एस. बेनवाल द्वारा किया गया। सम्मेलन में पीएमएस डॉ. राजेश सिंह, डॉ. हरेंद्र मालिक, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. सुधीर गुप्ता, डॉ. संजीव सरना, डॉ. कुलदीप यादव, डॉ. राहुल, डॉ. अंजनी, डॉ. पी.डी. गुप्ता, विवेक सक्सेना, कपिल शर्मा, अभिषेक सक्सेना, हिमांशु, चांद मियां, निधि शर्मा, पूरनमल, जावेद, आमिर सहित समस्त बीसीएम एवं आशा फैसिलिटेटर तथा बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

