पेपर लीक और छात्र आंदोलनों पर दमन के खिलाफ राष्ट्रपति को पत्र भेजा
हल्द्वानी। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और छात्र आंदोलनों पर कथित दमन को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्रार्थना पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रही अनियमितताओं से लाखों युवाओं और उनके परिवारों का विश्वास टूट रहा है।
राष्ट्रपति को भेजे गए पत्र में बल्यूटिया ने कहा कि देशभर के छात्र जंतर-मंतर सहित विभिन्न स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं और केवल संविधान द्वारा प्रदत्त अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की बात सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज, हिरासत और दबाव की कार्रवाई की जा रही है, जिससे युवाओं में असहायता और निराशा का माहौल पैदा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने वर्षों से मेहनत कर रहे अभ्यर्थियों के सपनों को तोड़ा है। शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध का जवाब बल प्रयोग से दिया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है। दीपक बल्यूटिया ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि बढ़ती निराशा के कारण कई छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं और कुछ छात्रों द्वारा आत्महत्या जैसे कदम उठाए जाने की घटनाओं ने पूरे देश को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा, “हम शर्मिंदा हैं क्योंकि अपराधी जिंदा हैं।”
कांग्रेस प्रवक्ता ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करते हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा छात्रों के अभिव्यक्ति और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की है।

