नैनीताल: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रधानमंत्री और राज्य सरकार पर की गई टिप्पणियों का जोरदार जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति में विश्वसनीयता कम हो गई है और देश में उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता।
धामी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियानों पर सवाल उठाए और सेना के शौर्य पर अमर्यादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश के पहले सीडीएस बिपिन रावत और भारतीय सेना के बारे में भी विवादित बयान दिए।
मुख्यमंत्री ने कैंची धाम और चारधाम क्षेत्रों में जाम की समस्या को चुनौती बताते हुए कहा कि भवाली बाईपास बन चुका है और दूसरा बाईपास निर्माण के अंतिम चरण में है। उनका कहना था कि सरकार का प्रयास है कि यातायात सुगम हो और पर्यटक, टैक्सी चालक व स्थानीय व्यवसायियों की समस्याओं का समाधान हो।
धामी ने नैनीताल क्लब में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और उनके दुःख-दर्द में सहभागी बनने का निर्देश भी दिया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, विधायक सरिता आर्य, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, विनीत अग्रवाल, साकेत अग्रवाल, मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल डब्बू, हुकुम सिंह कुंवर, नवीन वर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
