IMG 20260831 WA0031 प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी बने कुमाऊं विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति

प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी बने कुमाऊं विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति

उत्तराखण्ड एजुकेशन/कोचिंग ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

एक सितंबर से संभालेंगे अतिरिक्त जिम्मेदारी, नियमित कुलपति की नियुक्ति तक रहेगा दायित्व

देहरादून। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी को कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के कुलपति का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।

लोकभवन से जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-1973, यथाप्रवृत्त उत्तराखंड राज्य, की धारा-12 की उपधारा-(10) के तहत प्रो. लोहनी को एक सितंबर 2026 से अग्रेतर आदेश तक अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त पदभार सौंपा गया है।

यह निर्णय कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत द्वारा निजी कारणों से कुलपति पद से अवमुक्त किए जाने के अनुरोध के बाद लिया गया है। राज्यपाल की स्वीकृति के पश्चात प्रो. लोहनी को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी प्रदान की गई है।

प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी वर्तमान में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति के रूप में दायित्व निभा रहे हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें कुमाऊं विश्वविद्यालय जैसे महत्वपूर्ण विश्वविद्यालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपे जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा सचिव, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, महालेखाकार तथा दोनों विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

प्रो. लोहनी के समक्ष अब कुमाऊं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति की नियुक्ति तक संस्थागत निरंतरता बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *