मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का जताया आभार
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की पहल पर दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है। बरसात, दैवीय आपदा और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े, इसके लिए मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र भेजकर 14 सितंबर को पशु आहार की दरों में वृद्धि के जारी आदेश पर पुनर्विचार कर समाधान का आग्रह किया था।
मुकेश बोरा ने बताया कि पशुपालकों की परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि एवं अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से नैनीताल जिले के करीब 34 हजार और पूरे प्रदेश के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 14 सितंबर को जारी आदेश में पशु आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड तथा साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि की गई थी। वर्तमान में बरसात और दैवीय आपदा के चलते पशुपालकों के सामने आर्थिक चुनौतियां हैं। ऐसे समय में पशु आहार की कीमतों में बढ़ोतरी से उन पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ने की आशंका थी।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि पशुपालकों की इसी चिंता को देखते हुए उन्होंने मंत्री सौरभ बहुगुणा के समक्ष मामला रखा और दर वृद्धि संबंधी आदेश पर पुनर्विचार कर समाधान का आग्रह किया। मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया, जिससे प्रदेशभर के हजारों दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है।
मुकेश बोरा ने पशुपालकों के हित में लिए गए इस निर्णय के लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पशु आहार की दर वृद्धि का आदेश स्थगित होना पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण राहत है।

