हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का शुभारंभ किया। प्लांट का उद्घाटन महापौर गजराज सिंह विष्ट द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि वर्षों से डंपिंग स्थल पर एकत्रित लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस योजना के शुरू होने से डंपिंग स्थल के पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त होगा और शहरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
महापौर ने अनुबंधित संस्था को निर्देश दिए कि प्रोसेसिंग कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए तथा सभी पर्यावरणीय एवं वैधानिक मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी चन्द्र शेखर टोलिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्लांट का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।नगर निगम हल्द्वानी ने नागरिकों से स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ एवं सुंदर हल्द्वानी के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

