IMG 20261115 WA0017 scaled गौरापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का होगा चौड़ीकरण

गौरापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का होगा चौड़ीकरण

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

कालाढूंगी को मिली विकास की छह सौगातें, सीएम धामी ने कीं कई बड़ी घोषणाएं

कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिलाओं की भागीदारी के बिना उत्तराखंड के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित करने, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का निर्माण कराने, कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण कराने की घोषणा की। इसके अलावा कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण करने और पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पार्क में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण करने की भी घोषणा की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि मातृशक्ति के साहस, संघर्ष, परिश्रम और उपलब्धियों को नमन करने का अवसर है। हमारी संस्कृति में कहा गया है कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और उसकी प्रतिभा को पहचान मिले।

IMG 20261115 WA0019 scaled गौरापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का होगा चौड़ीकरण

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना ने महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाने का काम किया है। वहीं नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

धामी ने कहा कि पहाड़ की माताएं-बहनें कठिन परिस्थितियों में भी परिवार, खेती, पशुपालन और घर की जिम्मेदारियां बखूबी निभाती हैं। उन्होंने अपनी माता के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिस तरह उनकी मां ने परिवार को संभाला और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, वह आज भी उनके लिए आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ की महिलाओं का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और इस ब्रांड ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पहाड़ के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जाए, जिससे महिलाओं की आमदनी बढ़े और उन्हें रोजगार के नए अवसर मिलें।

बेटियों के भविष्य की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है।

अंकिता भंडारी प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तराखंड की बेटी का मामला है और पीड़ित परिवार का दुख पूरे प्रदेश का दुख है। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है और पीड़ित परिवार की मांग पर सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश भी की है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने में मातृशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

समारोह में खेल, शिक्षा, स्वरोजगार, कृषि, उद्यान, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र में संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, गीतांजलि, हिना बिष्ट, नमिता, भार्गवी रावत, डौली बिष्ट और भूमिका जयंतवाल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पदमा बोहरा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से कंचन भंडारी, ऐपण कला के लिए मंजू रौतेला तथा कृषि विभाग की ओर से सावित्री गर्जोला को सम्मानित किया गया। वन विभाग की ओर से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा को भी सम्मानित किया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

1610202602 गौरापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का होगा चौड़ीकरण Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *