IMG 20261011 WA0009 खुजेठी-पतलिया-बलना मोटर मार्ग के सुधारीकरण को 1.24 करोड़ मंजूर, मंत्री कैड़ा ने किया शिलान्यास

खुजेठी-पतलिया-बलना मोटर मार्ग के सुधारीकरण को 1.24 करोड़ मंजूर, मंत्री कैड़ा ने किया शिलान्यास

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के खुजेठी-पतलिया-बलना मोटर मार्ग की स्थिति जल्द सुधरेगी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के इस मोटर मार्ग पर 1 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कार्य का शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

खुजेठी से पतलिया और बलना को जोड़ने वाला यह मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। वहीं, ग्रामीणों को अपने कृषि उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने इस समस्या से मंत्री राम सिंह कैड़ा को अवगत कराते हुए मोटर मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी।

ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए मंत्री कैड़ा ने संबंधित विभाग को मोटर मार्ग के डामरीकरण, चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सड़क के डामरीकरण के लिए 1 करोड़ 24 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर सोमवार को उन्होंने शिलान्यास कर कार्य शुरू कराया।

इन गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी राहत

मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य पूरा होने के बाद भीड़ापानी, खुजेठी, मटियाल, जोस्युड़ा, बलना, रौतेलाकोट, पंतोली, पतलिया सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क सुधरने से किसानों को अपने उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में भी राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ मंत्री राम सिंह कैड़ा का स्वागत किया तथा सड़क निर्माण के लिए आभार जताया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना और खराब मोटर मार्गों का डामरीकरण कराना है। इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, देवेंद्र चौसाली, प्रताप पड़ियार, मनोज मोहना, महेंद्र धोनी, गणेश मेलकानी, भवान चौहान, लाल सिंह, किशन सिंह, विपिन चंद्र, रमेश सिंह, रमेश चंद्र, अर्जुन सिंह बर्गली सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *