bhh राहत भरी खबर : 15 से 18 जुलाई तक सभी वाहनों के लिए खुलेगा अल्मोड़ा-क्वारब हाईवे

राहत भरी खबर : 15 से 18 जुलाई तक सभी वाहनों के लिए खुलेगा अल्मोड़ा-क्वारब हाईवे

अल्मोड़ा ट्रेवल ताजा खबर देश/विदेश देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग रहेगा बंद
अल्मोड़ा। कुमाऊं के लोगों और पहाड़ की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर जिला प्रशासन ने नई यातायात व्यवस्था जारी कर दी है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अंशुल सिंह ने जानकारी दी है कि 15 जुलाई से 18 जुलाई तक राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान हल्के वाहनों के साथ-साथ यात्री बसें और अन्य भारी वाहन भी इस मार्ग से गुजर सकेंगे।

दरअसल, हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण क्वारब बाईपास क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ था, जिससे यातायात प्रभावित हो गया था। हालांकि अब राष्ट्रीय राजमार्ग के किलोमीटर 56 पर प्रभावित स्थल पर सड़क की लगभग सात मीटर चौड़ाई उपलब्ध करा दी गई है। लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की टीम द्वारा लगातार ढलान की स्केलिंग और सुरक्षा संबंधी ट्रीटमेंट का कार्य किया जा रहा है, जिससे मार्ग को सुरक्षित बनाया जा सके। वहीं, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 15 से 18 जुलाई तक चौसली-क्वारब वैकल्पिक मोटर मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा और इस मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन संचालन की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंधित मार्ग पर किसी भी दुर्घटना या अनधिकृत वाहन संचालन की जिम्मेदारी संबंधित थाना और चौकी प्रभारी की होगी।
हालांकि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। किसी विशेष परिस्थिति में अन्य वाहनों को अनुमति देने का अधिकार संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी या जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के पास रहेगा। फिलहाल 15 से 18 जुलाई तक अल्मोड़ा-क्वारब हाईवे पर यातायात सामान्य रहेगा, जिससे कुमाऊं आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने लोगों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *