pr स्कूटी पर लगा स्क्रैच और युवक की ले ली जान, मोबाइल ठीक कराने के बहाने घर में घुसा था हत्यारोपी

स्कूटी पर लगा स्क्रैच और युवक की ले ली जान, मोबाइल ठीक कराने के बहाने घर में घुसा था हत्यारोपी

अल्मोड़ा उत्तराखण्ड ताजा खबर
खबर शेयर करें

रानीखेत। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्कूटी पर आए मामूली स्क्रैच की रंजिश में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, उसे बचाने आई उसकी बुआ और दादी पर भी जानलेवा हमला किया गया। आइए जानते हैं इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कहानी।

रानीखेत के ऐना गांव में शुक्रवार रात करीब आठ बजे खुशियों से भरा एक घर अचानक चीख-पुकार से गूंज उठा। मेरठ से सेना में भर्ती की तैयारी करने गांव आए 20 वर्षीय सागर सिंह बिष्ट को क्या पता था कि उसके अपने ही गांव का एक युवक उसके लिए मौत बनकर आने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी जगत सिंह बोरा मोबाइल ठीक कराने के बहाने सागर के घर पहुंचा। जैसे ही सागर मोबाइल देखने लगा, आरोपी ने पीछे से चाकू और लोहे के हथौड़े से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सागर को बचाने के लिए दौड़ी उसकी बुआ जानकी देवी और दादी शोभा देवी पर भी आरोपी ने बेरहमी से वार किए। घर में मची चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सागर खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उसका गला रेता गया था और शरीर पर कई गहरे घाव थे। वहीं दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रही थीं। पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, करीब दो महीने पहले गांव में एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी पर आए एक मामूली स्क्रैच को लेकर सागर और आरोपी के बीच कहासुनी हुई थी। आरोपी इसी बात की रंजिश अपने दिल में पाले बैठा था और बदला लेने की योजना बना रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने घंटों प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भी तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे का हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है। एक मामूली विवाद, एक छोटी सी रंजिश और उसका इतना खौफनाक अंजाम… इस घटना ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखने वाले सागर की जिंदगी एक नफरत की भेंट चढ़ गई।फिलहाल घायल महिलाओं का इलाज जारी है और पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *