IMG 20260615 WA00842 बगडवार बैंड-वीरसिंग्या मोटरमार्ग निर्माण की मांग तेज, कांग्रेस नेताओं ने पीएमजीएसवाई अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

बगडवार बैंड-वीरसिंग्या मोटरमार्ग निर्माण की मांग तेज, कांग्रेस नेताओं ने पीएमजीएसवाई अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

हल्द्वानी /धारी। धारी ब्लॉक के बगडवार बैंड से वीरसिंग्या तक प्रस्तावित 5 किलोमीटर मोटरमार्ग के निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सड़क नहीं बनने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्र के युवा बड़ी संख्या में पलायन करने को मजबूर हैं, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इसी मांग को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा और युवा कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार ने सोमवार को पीएमजीएसवाई (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना) सिंचाई खंड हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बगडवार बैंड से वीरसिंग्या तक मोटरमार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई।

मनोज शर्मा ने कहा कि पिछले 8 से 10 वर्षों से क्षेत्र के युवा और ग्रामीण इस सड़क के निर्माण के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं। धरना-प्रदर्शन और ज्ञापनों के माध्यम से शासन-प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान नेताओं द्वारा सड़क निर्माण के आश्वासन दिए गए, लेकिन बाद में उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि करीब 5-6 माह पूर्व पीएमजीएसवाई द्वारा सड़क का सर्वे कराया गया था। सर्वे के दौरान अधिकारियों ने मार्ग की उपयोगिता और आवश्यकता को स्वीकार किया था। सड़क की डीपीआर तैयार होकर शासन स्तर पर लंबित बताई जा रही है, लेकिन अब तक वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल सकी है।

मनोज शर्मा और प्रमोद कुमार ने कहा कि अब उन्होंने इस सड़क निर्माण की जिम्मेदारी अपने स्तर पर उठाने का निर्णय लिया है और किसी भी कीमत पर सड़क का निर्माण करवाकर रहेंगे। उन्होंने शासन से तत्काल वित्तीय स्वीकृति जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र स्वीकृति और निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि सड़क निर्माण की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, ऐसे में परियोजना को लंबित रखने का कोई औचित्य नहीं है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सड़क निर्माण को जनहित का विषय बताया गया। ग्रामीणों ने भी सरकार से जल्द कार्रवाई कर सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *