हल्द्वानी। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के मार्गदर्शन में राजकीय डिग्री कॉलेज किशनपुर, गौलापार हल्द्वानी में वित्तीय साक्षरता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग प्रणाली, वित्तीय सेवाओं तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना था।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को केवाईसी (KYC) की अनिवार्यता, री-केवाईसी की प्रक्रिया, केंद्रीय केवाईसी (CKYC), सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार तथा डिजिटल लेन-देन के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही फर्जी कॉल, संदेश और लिंक के माध्यम से होने वाली साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा इसके आर्थिक और कानूनी दुष्परिणामों के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक के अधिकारी श्री भरत आनंद तथा वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता श्री सुरेश बिष्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बैंकिंग एवं वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए कहा कि सुरक्षित, सतर्क और जिम्मेदार बैंकिंग व्यवहार अपनाकर ही वित्तीय धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।उन्होंने ग्रामीणों से समय-समय पर केवाईसी अद्यतन कराने, किसी भी प्रकार के प्रलोभन या लालच में न आने तथा अपने बैंक खाते का दुरुपयोग न होने देने की अपील की।
शिविर में विद्यार्थियों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। प्रतिभागियों ने वित्तीय सुरक्षा, डिजिटल बैंकिंग और धोखाधड़ी से बचाव से जुड़े विषयों में गहरी रुचि दिखाई और कई उपयोगी प्रश्न भी पूछे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने ऐसे शिविरों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

