दुर्घटना

खाई में गिरा वाहन, बुआ को भिटोली देने जा रहे फौजी की मौत

उत्तराखण्ड ताजा खबर देहरादून
खबर शेयर करें

थराली (चमोली। चमोली के थराली में शुक्रवार दोपहर हादसा हो गया। कोटडीप के पास एक दोपहिया वाहन के दुघर्टनाग्रस्त होने से उसमें सवार वाहन चालक की मौत हो गई। जबकि अन्य महिला घायल हो गई। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। दुर्घटना में मृत सेना का जवान है। बताया जा रहा मृतक सैनिक अपनी बुआ को भिटोली (चैत के महीने का आल कलेऊ) देने उसके गांव थराली गांव जा रहा था।

थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि नैल कुलसारी निवासी और सेना का जवान दीपक जोशी (29 )पुत्र केदार दत्त अपनी पत्नी के साथ दोपहिया वाहन में अपनी बुआ के गांव थराली जा रहा था। इस दौरान कोटडीप के पास उसका वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना पर घायल महिला और दीपक का रेसक्यू कर लिया गया। बताया कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी घायल पत्नी का उपचार कर घर भेज दिया गया।
नैल गांव के ग्राम पंचायत सदस्य गंगा सिंह राणा ने बताया कि मृतक सेना के जवान दीपक की शादी 10 माह पूर्व हुई थी। दीपक होली के समय दो माह की छुट्टी लेकर घर आया हुआ था और तीन दिन बाद ही दीपक को वापस अपनी ड्यूटी में जाना था। वह अपनी बुआ को भिटोली देने थराली गांव जा रहा था। लेकिन इस दौरान दुर्घटना हो गई। दीपक गढ़वाल स्काउट में था और वर्तमान में जोशीमठ में तैनात था। दीपक अपने पीछे माता पिता सहित एक छोटा भाई और पत्नी को छोड़ गया है। दीपक की मौत से गांव में शोक की लहर है।

26032025 खाई में गिरा वाहन, बुआ को भिटोली देने जा रहे फौजी की मौत Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *