अवलोकन के लिए मतदाता सूची जनपद के सभी 1068 मतदान स्थलों, उपजिलाधिकारियों, तहसीलदार कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध
हल्द्वानी। यदि आप 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है, या फिर आपको अपने वोटर कार्ड में किसी प्रकार का संशोधन कराना है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नैनीताल जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू हो गया है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की छह विधानसभा सीटोंकृलालकुआं, भीमताल, नैनीताल, हल्द्वानी, कालाढूंगी और रामनगर की फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को कर दिया गया है। जनपद के सभी 1068 मतदान स्थलों, उपजिलाधिकारियों, तहसीलदार कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय में मतदाता सूची अवलोकन के लिए उपलब्ध है।
यदि आपका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो आप ’’प्रारूप-6’’ भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं किसी मृत, स्थानांतरित या अयोग्य मतदाता का नाम हटाने के लिए ’’प्रारूप-7’’ के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा यदि आपके नाम, पते, आयु या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है, अथवा आप एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरण कराना चाहते हैं, तो इसके लिए ’’प्रारूप-8’’ भरकर आवेदन किया जा सकता है। मतदाता अब घर बैठे भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल http://voter.eci.gov.in मोबाइल ऐप ECI NET का उपयोग किया जा सकता है।
दोस्तों, लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत आपका वोट है। इसलिए यह सुनिश्चित करें कि आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और आपकी सभी जानकारियां सही हों। अगर आपने अभी तक अपना नाम नहीं जांचा है, तो आज ही नजदीकी मतदान केंद्र, तहसील कार्यालय या निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर जाकर इसकी पुष्टि करें।

