सुखवंत आत्महत्या मामला रू थानाध्यक्ष कुंदन रौतेला व तीन अन्य पुलिस कर्मियों से भी होगी पूछताछ
रुद्रपुर। किसान सुखवंत सिंह प्रकरण में कुमाऊं कमिश्नर के सवालों के जवाब देने के बाद अब ऊधमसिंह नगर के एसएसपी को एसआईटी के सामने पेश होना होगा। एसआइटी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा और आईटीआई थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष कुंदन रौतेला समेत पांच पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किए हैं। वहीं सुखवंत सिंह के साथ हुई भूमि धोखाधड़ी के लिए रजिस्टार, तहसील कार्यालय और रुपयों के लेनदेन की जांच के लिए विभिन्न बैंकों को भी नोटिस जारी हुए हैं।
काशीपुर के ग्राम पैगा निवासी किसान सुखवंत सिंह ने 10 जनवरी की रात गौलापार के देवभूमि होम होटल में खुद को गोली से उड़ा दिया था। वारदात को अंजाम देने से पहले उसने इंटरनेट पर वीडियो वायरल किया था और भूमाफियाओं पर चार करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया था। वायरल वीडियो में एसएसपी मणिकांत मिश्रा, आइटीआई थानाध्यक्ष कुंदन रौतेला के साथ ही 26 लोगों के नाम लिए थे। घटना के अगले दिन ऊधमसिंह नगर पुलिस ने आइटीआई थाने में सभी 26 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आईजी एसटीएफ डॉ. नीलेश आनंद भरणे की अगुवाई में एसआईटी ने दो दिन पहले हल्द्वानी व काशीपुर में मृतक के घर पहुंचकर घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों का भौतिक सत्यापन किया था। एसटीएफ के आईजी डॉ. नीलेश
आनंद भरणे के अनुसार, सुखवंत ने वीडियो में जिन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम लिए हैं, उनकी संलिप्ता की भी जांच हो रही है। एसएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों को पूछताछ व बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस दिए गए हैं।

