नैनीताल। मौसम विभाग ने नैनीताल जिले में 2 सितंबर 2026 को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल के आदेश के अनुसार बुधवार, 2 सितंबर को नैनीताल जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में पानी का बहाव तेज हो सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की भी संभावना है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
स्कूलों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय कर्मचारियों को भी इस दिन अवकाश रहेगा। हालांकि, यह आदेश नैनीताल शहर के उन आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा, जहां बच्चों के पढ़ने और रहने की व्यवस्था एक ही परिसर में है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

